4 गोली लगने के बाद भी खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा हिस्ट्रीशीटर
Lakhnau : गाजियाबाद जिला स्थित मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी कला गांव स्थित एक ढाबे के सामने गुरुवार देर रात को एक अज्ञात बदमाश ने हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। उसे चार गोली लगी। बदमाश खुद 30 मिनट तक कार चलाता हुआ अस्पताल पहुंचा। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजकरण नैय्यर ने बताया कि मूल रूप से मोदीनगर के गांव बेगमाबाद निवासी राहुल उर्फ कालू हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। वह सीकरी कला गांव स्थित स्वागत होटल पर किसी से मिलने के लिए रूका। ढाबे पर पहले से मौजूद एक युवक से वह बात करने लगा। जिस युवक से वह बात कर रहा था उसने उसके ऊपर चार गोली चला दी। गोली उसके कंधे, पेट और सीने में लगी है। गोली लगने के बाद राहुल कार चलाकर खुद अस्पताल पहुंचा, उसे डॉक्टर ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया।

उन्होंने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल का हालचाल लिया। डाॅक्टर ने बताया कि राहुल को चार गोली लगी है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगला। यह मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि राहुल थाना मोदीनगर का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके ऊपर विभिन्न धाराओं में 12 से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। जांच में यह भी आया है कि उन्होंने पिछले वर्ष भी थाना निवाड़ी भी इसी तरह के एक मुकदमा दर्ज करवाया था, जिसमें कुछ लोगों को नामित किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



