पलामू प्रमंडल के प्रशासनिक बॉस श्रीमती कुमुद सहाय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कहा : अपने आप में अनुपम है नारी शक्ति
Palamu : पलामू प्रमंडल के प्रशासनिक बॉस श्रीमती कुमुद सहाय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पलामू सहित झारखंड के सभी महिलाओं और बच्चों को बधाई दी है। पलामू की कमिश्नर श्रीमती कुमुद सहाय ने कहा कि नारी शक्ति अपने आप में अनुपम है। नारी शक्ति के बिना हर कुछ अधूरा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में सामंजस बनाकर भी नारी शक्ति अपने बच्चों को संस्कार देती है। संस्कारवान बच्चे ही राष्ट्र के निर्माण में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी सफलता का परचम लहरा रही है। कोई भी ऐसा कार्य नहीं है, जिसमें महिलाओं का योगदान नहीं है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी को लेकर चर्चा में है। अभी हाल ही में भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा में महिलाओं ने भी अपना काफी दमखम दिखाया है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि समाज में महिलाएं अपने आप में मिसाल बनकर उभर रही हैं।

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “अधिकार और न्याय के साथ-साथ हर महिला और बालिका के सशक्तिकरण के लिए वास्तविक कार्रवाई” पर केंद्रित है। इसका मुख्य उद्देश्य कागजी बातों से आगे बढ़कर धरातल पर ठोस कदम उठाना है, ताकि महिलाओं को सही मायने में न्याय और अधिकार मिल सकें। साथ ही, इस साल दुनिया भर में “गिव टू गेन” अभियान चलाया जा रहा है, जो लैंगिक समानता (जेंडर इक्वालिटी) के लिए समाज में आपसी सहयोग और उदारता की भावना को बढ़ावा देने पर जोर देता है।




