पेट्रोल स्टॉक करने की कोशिश बनी जानलेवा, सड़क हादसे के बाद जिंदा जल गया युवक
Gadhwa : गढ़वा थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। पेट्रोल की संभावित किल्लत की अफवाह के बीच गैलन में पेट्रोल लेकर घर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना के बाद आग की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।जानकारी के अनुसार गढ़वा थाना क्षेत्र के ओबरा गांव निवासी शंभू प्रसाद गुप्ता लोटो स्थित पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल भरवाकर अपने मोपेड से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह एनएच-343 पर लोटो गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही मोपेड पर रखा पेट्रोल से भरा गैलन फट गया और पेट्रोल सड़क पर फैल गया। कुछ ही पलों में पेट्रोल में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने युवक और उसके मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक आग से घिरकर सड़क पर मदद के लिए चीखता- चिल्लाता रहा।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में बताया कि युवक का करीब 80 प्रतिशत शरीर जल चुका था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

परिजन उसे इलाज के लिए रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक के परिजनों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इलाके में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर अफवाह फैल रही थी। इसी कारण एहतियात के तौर पर शंभू प्रसाद गुप्ता पेट्रोल गैलन में भरकर घर ले जा रहे थे।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




