पलामू के पोखराहा व जोड़ में बनेगा फ्लाइओवर, जोरकट टोल प्लाजा का सुलझा मामला, सांसद वीडी राम ने एनएचएआई के चेयरमैन से मिलकर कई मुद्दों पर की चर्चा

Palamu : नई दिल्ली में सांसद पलामू विष्णु दयाल राम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात किया। इस अवसर पर पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर जोरकट में टोल प्लाजा, बरहमोरिया फ्लाइओवर में दरार, डालटनगंज बाईपास एनएचएआई फोरलेन सड़क पर दो प्रमुख स्थानों पोखराहा (डालटनगंज-पांकी रोड़) एवं जोड़ (डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड़) पर फ्लाइओवर (वीयूपी) के निर्माण से संबंधित एवं अधूरे सड़को को पूर्ण कराने सहित महत्वपूर्ण मामलों पर विस्तृत चर्चा हुई।
- एनएच 39 पर जोरकट में टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के अंतराल में रहने वाले लोगों के लिए पास बनाया जाएगा और उन्हें कैम्प लगाकर संबंधित लोगों के बीच एनएचएआई एवं जिला प्रशासन के द्वारा वितरण किया जाएगा।
- डालटनगंज बाईपास फोरलेन सड़क पर दो प्रमुख स्थानों पोखराहा (डालटनगंज-पांकी रोड़) एवं जोड़ (डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड़) जहाॅ पथ निर्माण विभाग की सड़कों का क्रासिंग है। उक्त स्थानोें पर फ्लाइओवर (वीयूपी) का निर्माण किया जाएगा।
- एनएच-39 में हिसरा पोखराहा से जोरकट (टोल प्लाजा के पास) लगभग 3.5 कि0मी0, चियांकी शहरी क्षेत्र -सर्विस रोड एवं फ्लाईओवर एप्रोच 1 कि0मी0, सिंगरा कलां शहरी क्षेत्र-सर्विस रोड फ्लाईओवर एप्रोच 0.50 कि0मी0 एवं लोहडा, पंडवा एवं राजहरा गांव क्षेत्र – लगभग 1.5 कि0मी0। उक्त स्थानों पर अधूरे कार्याें को पुनः निर्माण कार्य प्रारम्भ कर पूर्ण किया जाएगा।
- एनएच 39 पर बरहमोरिया के पास निर्माणाधीण फ्लाइओवर में दरार होने की सूचना प्राप्त हुयी थी। उक्त मामले की उच्चस्तरीय जाॅच हेतु दिल्ली से टीम गठित की जाएगी, जो टीम स्थल पर जाॅच कर रिपोर्ट देगी। उस रिपोर्ट के आधार पर एनएचएआई के द्वारा कार्यवाई की जाएगी।
इस आशय की जानकारी पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के निजी सचिव अलख दूबे ने दी।



