
5 की मौत, झारखंड में शुक्रवार की रात रहा हादसों का दौर
Ranchi : शुक्रवार की देर शाम झारखंड में हादसों का दौर रहा। कई जिलों में हुए सड़क हादसे में 5 की जान चली गई।
पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के नुरदा टोला कुदापी गांव का है, जहां शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खांडामौदा चौक में शुक्रवार देर रात करीब सवा नौ बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।जानकारी के अनुसार, खड़गपुर से लोहा और पत्थर खाली कर एक ट्रेलर केन्दुझोर की ओर जा रहा था। खांडामौदा चौक के पास पहुंचते ही ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होटल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे।

पूर्वी सिंहभूम के ही बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में स्कूटर सवार व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस के पास तेज रफ्तार में जा रहा स्कूटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
पलामू जिला अंतर्गत मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में नेशनल हाईवे के अधूरे ओवरब्रिज पर शुक्रवार की शाम जन्मदिन पार्टी मनाने के क्रम में स्कूटी सहित गिरकर एक छात्र की मौत हो गई। युवक की पहचान 15 वर्षीय अमन उरांव पिता अर्जुन उरांव के रूप में हुई है। वह पांकी रोड पोखराहा का रहने वाला था। घटना के समय उसकी मां सतबरवा इलाके में शादी समारोह में शामिल होने गई थी, जबकि पिता बनारस में काम करने के सिलसिले में गए हुए थे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




