
5 लाख का इनामी नक्सली ने किया सरेंडर, पलामू के आईजी और लातेहार के एसपी ने माला पहननाकर किया स्वागत
Latehar : लातेहार में प्रतिबंधित जेजेएमपी संगठन का सबजोनल कमांडर और 5 लाख का इनामी सदस्य सुरेंद्र लोहरा उर्फ विनोद लोहरा ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पलामू आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा और लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने सुरेंद्र लोहरा को गुलदस्ता भेंट कर, माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया.
जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र लोहरा पर सरकार ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. वह लंबे समय से उग्रवादी गतिविधियों में सक्रिय था. सुरक्षा एजेंसियों के लगातार बढ़ते दबाव और सरकार द्वारा चलाई जा रही “नई दिशा” पुनर्वास नीति के सकारात्मक प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर उसने सरेंडर करने का फैसला लिया. लातेहार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी गई.
सुरेंद्र लोहरा ने पलामू आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, सीआरपीएफ 11 बटालियन के कमांडेंट याद राम बुनकर और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के समक्ष हथियार डाले. अधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।

लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि सुरेंद्र उर्फ टाइगर पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को सभी सुविधाएं दी जाती हैं. उन्होंने कहा कि लातेहार जिला अब नक्सली मुक्त होने के कगार पर है. शेष नक्सलियों के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान डीएसपी विनोद रवानी, इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे.



