हुसैनाबाद व छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर, एकीकृत बिहार के पूर्व मंत्री लक्ष्मण राम का निधन
PALAMU : संयुक्त बिहार सरकार के पूर्व खनन कैबिनेट मंत्री लक्ष्मण राम का मंगलवार संध्या लगभग 7 बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया। बताया जाता है कि वे पिछले दो दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर मिलते ही हुसैनाबाद एवं छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक एवं आम लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। स्व. लक्ष्मण राम अपने सरल स्वभाव, जनसरोकार और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे।
वे हुसैनाबाद नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शशि कुमार के पिता भी थे। इस दुखद समाचार के बाद उनके पैतृक आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
स्व. लक्ष्मण राम का राजनीतिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने संयुक्त बिहार काल में मंत्री रहते हुए खनन क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों में भूमिका निभाई थी। उनके निधन से न केवल राजनीतिक क्षेत्र बल्कि सामाजिक जीवन में भी एक बड़ी रिक्तता उत्पन्न हो गई है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दे।



