पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मण राम के श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंचे पलामू के सांसद वीडी राम, दी श्रद्धांजलि
Palamu : नगर पंचायत हुसैनाबाद क्षेत्र के कुर्मी टोला, जपला में सोमवार को संयुक्त बिहार सरकार के पूर्व खनन राज्य मंत्री स्वर्गीय लक्ष्मण राम जी के श्राद्ध कार्यक्रम सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पलामू के सांसद वीडी राम विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. लक्ष्मण राम जी ने जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, समाज के प्रति समर्पण और जनहित के कार्य सदैव याद किए जाएंगे। सांसद ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में स्व. लक्ष्मण राम के पुत्र एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शशि कुमार तथा अजय कुमार,अत्यंत करीबी सहयोगी रामराज पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर राम,सांसद प्रतिनिधि रंजीत पासवान, आर. पी. मेहता और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. लक्ष्मण राम के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे समाज के सभी वर्गों के बीच लोकप्रिय नेता थे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और जनसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है। श्रद्धांजलि सभा में शोक और संवेदना का माहौल रहा, वहीं लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।



