
7 बस और 3 कार आपस में टकराई, 14 की मौत, दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण दुर्घटना
DIJITAL DESK – UNITED PALAMU
NEW DELHI : दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह मथुरा में भीषण हादसा हुआ। घने कोहरे में सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिससे सभी वाहनों में आग लग गई। सूचना पाते ही इलाके की पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। इस घटना में 14 लोगों के मौत की खबर है और 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने 4 लोगों के मौत की पुष्टि की है। सोमवार देर रात हुए हादसे के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर राहत-बचाव कार्य के लिए 11 फायरबिग्रेड की गाड़ियों के अलावा 14 एम्बुलेंस भेजी गई।दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं और सभी सीटों पर यात्री मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह हादसे के वक्त सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
मथुरा के एसएसपी ने क्या कहा ?
हादसे पर एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिससे सभी वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए।





