गढ़वा : सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल
Gadhwa : गढ़वा जिले के मझिआंव-कांडी मुख्य मार्ग पर गहिड़ी गांव के पास रविवार दोपहर सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवारों ने सामने से आ रही बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे कीचड़ से भरी क्यारी में जा गिरे।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मझिआंव रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान पलामू जिले के उंटारी रोड निवासी गुड्डू यादव (20), राजू कुमार (20) और भोला यादव (15) के रूप में हुई है। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. पम्पा विश्वास ने प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों के अनुसार, एक युवक का पैर टूट गया है, दूसरे का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि तीसरा अंदरूनी चोट के कारण बेहोश हो गया। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि तीनों युवक मझिआंव बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो से उत्तर प्रदेश के एक लकवा पीड़ित मरीज को खरसोता अस्पताल से वापस लाया जा रहा था, तभी गहिड़ी गांव के पास सामने से आ रही बाइक ने बोलेरो में टक्कर मार दी।अस्पताल सूत्रों का कहना है कि बाइक सवार नशे की हालत में थे और बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।घटना के बाद मझिआंव पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और बोलेरो दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।




