फरक्का रेलखंड पर 48 घंटे बाद भी नहीं सुधरे हालात
Kolkatta : पश्चिम बंगाल के फरक्का में रेल लाइन धंसने के बाद उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच रेल संपर्क अब तक सामान्य नहीं हो पाया है। हादसे को 48 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन शनिवार सुबह तक क्षतिग्रस्त रेलखंड की मरम्मत पूरी नहीं हो सकी। रेल सूत्रों के मुताबिक, मिट्टी के नरम होने के कारण मरम्मत कार्य में लगातार दिक्कत आ रही है।
पूर्व रेलवे ने शुक्रवार रात तक युद्धस्तर पर मरम्मत पूरी करने और शनिवार सुबह से फरक्का के अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बहाल करने का दावा किया था। हालांकि, निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं होने से रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और सेवा बहाल होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

रेल सेवा बाधित होने का सीधा असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। शुक्रवार को कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया। कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है।
शनिवार को रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में नाहरलागुन-संतरागाछी विशेष, गुवाहाटी-हावड़ा सरायघाट एक्सप्रेस, बामनहाटी-शियालदह उत्तरबंग एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार-सियालदह कंचनकन्या एक्सप्रेस, हल्दीबाड़ी-सियालदह दार्जिलिंग मेल, बालुरघाट-सियालदह एक्सप्रेस, न्यू अलीपुरद्वार-सियालदह पदातिक एक्सप्रेस, राधिकापुर-कोलकाता एक्सप्रेस, कटिहार-हावड़ा एक्सप्रेस, जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस, राधिकापुर-हावड़ा कुलिक एक्सप्रेस, बालुरघाट-कोलकाता तेभागा एक्सप्रेस, न्यू अलीपुरद्वार-सियालदह तीस्ता-तोर्सा एक्सप्रेस, मालदह टाउन-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस और सहरसा-सियालदह हाटेबाजारे एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेल सेवा ठप होने के कारण उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच आवागमन के लिए यात्रियों की निर्भरता अब सड़क मार्ग पर बढ़ गई है। बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ किराये में भी बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए राज्य सरकार ने कोलकाता-सिलिगुड़ी मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। शुक्रवार को इस मार्ग पर 23 अतिरिक्त बसें उतारी गईं। इनमें सिलिगुड़ी से कोलकाता के लिए 18 बसें चल रही हैं। इसके अलावा दुर्गापुर-बालुरघाट मार्ग पर दो अतिरिक्त बसें और मालदह-कोलकाता मार्ग पर पांच विशेष बसें चलाई जा रही हैं।
शाम के समय उत्तर बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए कोलकाता के एस्प्लेनेड बस टर्मिनस से सिलिगुड़ी के एनजेपी बस टर्मिनस तक भी विशेष बस सेवा शुरू की गई है। यह सेवा शाम 5:30 बजे से हर घंटे रात 9:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।



