
नगर पंचायत चुनाव की तैयारी में आजसू, लातेहार में दर्जनों लोगों ने थामा पार्टी का दामन

Rahul Kumar @ united palamu
Latehar : जिला मुख्यालय के चंदनडीह स्थित आजसू पार्टी कार्यालय में सोमवार को नगर पंचायत चुनाव को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े दर्जनों लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव सह झारखंड के पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा तथा लातेहार विधानसभा प्रभारी इम्तियाज अहमद नजमी भी शामिल हुए।
इससे पूर्व आजसू कार्यकर्ताओं ने सभी नेताओं के लातेहार आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान आगामी नगर पंचायत चुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

लातेहार में आजसू का शक्ति प्रदर्शन, पूर्व मंत्री रामचंद्र साहिस की मौजूदगी में हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम
मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू पार्टी इस चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेगी और नगर पंचायत क्षेत्र से आजसू समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेसा कानून के नाम पर आदिवासियों को ठगने का काम किया जा रहा है। साथ ही राज्य में बढ़ते अपराध, हत्या और लूट की घटनाओं से स्पष्ट है कि वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के लातेहार जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि आजसू की विचारधारा से प्रभावित होकर सैकड़ों लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो जिले में पार्टी के बढ़ते जनाधार को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर पंचायत चुनाव में आजसू की जीत निश्चित है और पार्टी ही क्षेत्र का समुचित विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि आजसू आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी।

नगर पंचायत चुनाव से पहले आजसू को मिली मजबूती, कई दलों से जुड़े लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता
पार्टी में शामिल हुए लोगों का स्वागत नेताओं द्वारा माला पहनाकर और पार्टी का पट्टा पहनाकर किया गया। नए सदस्यों ने कहा कि आजसू झारखंडी अस्मिता, स्थानीय अधिकार और विकास की राजनीति करती है। नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी, बेरोजगारी, साफ-सफाई, पेयजल और सड़क जैसी समस्याओं को चुनावी प्राथमिकता बनाकर पार्टी जनहित में कार्य करेगी।कार्यक्रम में मंच संचालन जिला सचिव वीरेन्द्र ठाकुर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रुपेश अग्रवाल ने दिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बिट्टू दास, लातेहार प्रखंड अध्यक्ष अमर उरांव, केंद्रीय सदस्य राकेश सिंह, युवा नेता मुकेश यादव, नितेश जयसवाल, आशीष सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।पार्टी में शामिल होने वालों में संजीव कुमार, डॉ. हादी, दिनेश उरांव, अनुकेश भोक्ता, आकाश कुमार, राम उरांव, जितेंद्र यादव, संतोष यादव, संजय उरांव, अमित रजक, प्रमोद राम, रवि राम और शौकत अली शामिल हैं।





