संत मरियम स्कूल के बच्चे को वन प्रभाग के अटैच्ड ऑफिसर ने हरी झंडी दिखाकर शैक्षणिक भ्रमण के लिए किया रवाना
Palamu : संत मरियम स्कूल हायर सेकेंडरी के छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए नेतरहाट रवाना हुए। इस अवसर पर मेदिनीनगर वन प्रभाग के अटैच्ड ऑफिसर नवनीत बीआर एवं अधिकारी लव कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में चेयरमैन अविनाश देव, उप-प्राचार्य एस. बी. शाहा सहित अन्य शिक्षकों के साथ विद्यालय के सैकड़ो छात्र प्रकृति को करीब से समझेंगे एवं उसका अध्ययन भी करेंगे।
श्री नवनीत बीआर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती। कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषय तभी सार्थक बनते हैं, जब विद्यार्थी उन्हें प्रकृति और समाज के बीच जाकर प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करते हैं। पहाड़, जंगल, नदी, झरने तथा सूर्य का उदय और अस्त—ये सभी जीवन के मौन शिक्षक हैं, जो बच्चों को बिना बोले बहुत कुछ सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे आसपास का वातावरण ही हमारी सबसे बड़ी पाठशाला है और ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाते हैं।
वहीं श्री लव ने कहा कि विद्यार्थी किस पृष्ठभूमि से आते हैं, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना महत्वपूर्ण उनका सपना और लक्ष्य होता है। यदि बच्चों में दूरदृष्टि है और वे अपने सपनों को साकार करने का संकल्प रखते हैं, तो निश्चित रूप से वे जीवन में ऊँचाइयों को छू सकते हैं।
विद्यालय के अध्यक्ष अविनाश देव ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थी नई ऊर्जा, नए विचार और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ लौटेंगे तथा तनावमुक्त होकर पुनः अध्ययन में जुटेंगे।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र नेतरहाट में सूर्य उदय एवं सूर्यास्त का विहंगम दृश्य देखेंगे, आसपास के प्राकृतिक झरनों का अवलोकन करेंगे, नेतरहाट आवासीय विद्यालय का भ्रमण करेंगे तथा सुगा बांध और मिर्चया फॉल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी नजदीक से देखेंगे। यह भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ जीवन अनुभव को भी समृद्ध करेगा।




