
संत जेवियर्स कॉलेज में एसआईआर पर चुनावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
महुआडांड़:मंगलवार को संत जेवियर्स महाविद्यालय, महुआडांड़ के लेक्चर थिएटर हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन–एसआईआर) से संबंधित चुनावी विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में मुख्य रिसोर्स पर्सन एवं मुख्य वक्ता के रूप में होफमैन इन एसोसिएशन, रांची के डायरेक्टर एडवोकेट फादर अनुप चंद मिंज उपस्थित रहे। उनके साथ फादर एडवोकेट पंकज कुजूर, एडवोकेट सिस्टर मुक्ता मरांडी एवं एडवोकेट सिस्टर सिलवन्ती सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. फादर एम. के. जोश, उप प्राचार्य डॉ. फादर समीर टोप्पो, ट्रेजरर डॉ. फादर लियो एवं सिस्टर चंद्रोदय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य फादर जोश ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को अतिथियों से परिचित कराया।
एडवोकेट फादर अनुप चंद मिंज ने पावर प्वाइंट एवं वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से एसआईआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की जांच, सुधार एवं अद्यतन के लिए चलाया जाता है, ताकि केवल योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके और अपात्र नामों को हटाया जा सके। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया, इसके संचालन क्षेत्र, महत्ता तथा इसके सकारात्मक व नकारात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में डॉ. फादर लियो ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्य भी जुड़ा है और मतदान के माध्यम से देश के लोकतंत्र को सशक्त बनाया जा सकता है। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






