
एसवीएम धर्मपुर पथ में तीन दिवसीय आवासीय आचार्य कार्यशाला का समापन
लातेहार:सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ में मंगलवार को तीन दिवसीय आवासीय वार्षिक आचार्य कार्यशाला का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी समिति की अध्यक्ष ज्योति चौधरी, सदस्य दिनेश महलका एवं प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ज्योति चौधरी ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास में घर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, जबकि विद्यालय उनके विकास का दूसरा आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चों को समृद्ध वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करना चाहिए तथा घर और विद्यालय के बीच समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।इस वार्षिक आचार्य कार्यशाला में कुल 13 सत्र आयोजित किए गए, जिसमें 32 आचार्यों एवं 13 कर्मचारियों ने भाग लिया। पलामू विभाग प्रमुख अखिलेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं में भाग लेने से कार्यकुशलता में वृद्धि होती है। वहीं सचिव राजीव रंजन पांडेय ने आचार्यों से कार्यशाला में बताई गई बातों को व्यवहार में लाने की अपील की।कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक अनिल कुमार ठाकुर ने भी कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सीखने का बेहतर अवसर मिलता है।इस मौके पर विभाग पर्यावरण संयोजक (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पलामू विभाग) धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, जिला प्रचारक लातेहार सतीश किशोर एवं मातृ भारती की अध्यक्ष रितु रानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।






