रांची विश्वविद्यालय के कुलपति को हटाने की मांग तेज, एसीएस ने राज्यपाल से मिलकर सौंपा मांग पत्र

Ranchi : आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) ने रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा को तत्काल पद से हटाने की मांग को लेकर राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कार्यकारी अध्यक्ष दया राम, केंद्रीय अध्यक्ष बादल भोक्ता और अध्यक्ष अमित मुंडा ने किया।

संघ ने कुलपति के खिलाफ दिल्ली में दर्ज आपराधिक मामलों, पूर्व सेवा से हटाए जाने तथा नैतिक अधमता से जुड़े दस्तावेज सौंपते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की है। एसीएस का आरोप है कि कुलपति की नियुक्ति के दौरान महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाया गया।

रोहिणी कोर्ट के आदेश का हवाला

आदिवासी छात्र संघ का दावा है कि दिल्ली के समयपुर बादली थाना में दर्ज FIR No. 863/2024, जो कथित संस्थागत प्रताड़ना और आत्महत्या मामले से जुड़ी है, उसमें रोहिणी कोर्ट द्वारा दिया गया आदेश तकनीकी क्लोजर रिपोर्ट है, न कि आरोपों से पूर्ण रूप से बरी किया जाना। संगठन का कहना है कि पीड़ित परिवार ने दबाव में आकर क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार की।

एसीएस ने आरोप लगाया कि प्रो. सरोज शर्मा को पूर्व में (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान) के अध्यक्ष पद से गंभीर विसंगतियों के कारण हटाया गया था। संगठन का कहना है कि कुलपति नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान इस तथ्य और दिल्ली में दर्ज FIR की जानकारी राजभवन से छुपाई गई।

एसीएस की प्रमुख मांगें

संघ ने राज्यपाल के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं

  1. प्रो. सरोज शर्मा को कुलपति पद से तत्काल बर्खास्त किया जाए।
  2. जांच पूरी होने तक उनके वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाई जाए।
  3. पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए।

आंदोलन की चेतावनी

एसीएस ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे झारखंड में उग्र आंदोलन, शैक्षणिक चक्का जाम और रांची विश्वविद्यालय की तालाबंदी की जाएगी। संगठन का कहना है कि छात्र-छात्राएं वर्तमान परिस्थिति में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!