तीन दिवसीय पलामू क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का समापन, लातेहार बना ओवरऑल चैंपियन

Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : जिला मुख्यालय स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में आयोजित तीन दिवसीय पलामू क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का समापन शुक्रवार को हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह, उपायुक्त संदीप कुमार तथा पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव शामिल हुए।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि पुलिस को पेशेवर दक्षता के साथ अनुसंधान करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिस कड़ी मेहनत से अपराधियों को गिरफ्तार करती है, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में वे न्यायालय से छूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की अन्य जांच एजेंसियों को भी लगभग वही संसाधन उपलब्ध होते हैं, जो पुलिस को मिलते हैं, लेकिन उनकी अनुसंधान पद्धति अधिक पेशेवर होती है। इसी कारण वे अधिक मामलों में दोष सिद्ध कराने में सफल रहती हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण पुलिस अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने सहयोगियों के साथ साझा करना चाहिए।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कानून की कई महत्वपूर्ण बारीकियों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने साक्ष्यों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा नए कानूनों का अध्ययन कर उन्हें बेहतर ढंग से समझने की सलाह दी।

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि पुलिस सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे आम जनता की सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि लातेहार पुलिस ने उग्रवाद और नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण कर चुके उग्रवादियों को सरकार के प्रावधानों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। ओवरऑल चैंपियनशिप में लातेहार को विजेता तथा गढ़वा को उपविजेता घोषित किया गया।

समारोह में सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी पी. पांडा, एफएसएल के उपनिदेशक मुकुंद सिन्हा, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, वीरेंद्र कुमार राम, पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार, महुआडांड़ एवं बालूमाथ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा सहित कई पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एएसआई देवेंद्र कुमार ने किया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!