Gadhwa : अवैध बालू लदा ट्रैक्टर नहर में पलटा, चालक की मौके पर मौत
Ranchi : मझिआंव बरडीहा थाना क्षेत्र के आदर मदरसा के समीप मंगलवार की अहले सुबह करीब 4 बजे अवैध रूप से बालू लदा एक ट्रैक्टर नहर में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के बोदरा पंचायत अंतर्गत बिछी गांव निवासी लगभग 20 वर्षीय गंगा चौधरी के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर को नहर से बाहर निकाला गया, जहां चालक गाड़ी के नीचे दबा हुआ मिला। काफी खून बह जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने के कारण वाहन असंतुलित होकर नहर में गिर गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार, मृतक गंगा चौधरी अपने पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी शादी नहीं हुई थी। 30 अप्रैल को उसकी बहन की शादी तय थी, जिसकी तैयारी चल रही थी।

बताया जाता है कि वह सोमवार को तिलक का सामान खरीदकर लौटा था और बहन की शादी के लिए पैसे की व्यवस्था करने के उद्देश्य से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर लेकर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ट्रैक्टर मझिआंव थाना क्षेत्र के बिछी गांव निवासी प्रयाग चौधरी का बताया जा रहा है।
ट्रैक्टर मालिक के अनुसार, चालक रोज की तरह बालू लेकर जा रहा था, इसी दौरान दुर्घटना हो गई।इस घटना के बाद इलाके में अवैध बालू ढुलाई को लेकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।




