
HOCKEY INDIA LEAGUE 2025-26 : 28 दिसंबर से रांची के मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में होगा आयोजन, डीसी ने लिया जायजा
Ranchi : HOCKEY INDIA LEAGUE, 2025-26 का आयोजन 28 दिसंबर से 16 जनवरी 2026 तक रांची के मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, निदेशक, हॉकी इंडिया बीएन भूषण, सीईओ, हॉकी झारखंड रजनीश कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ आयोजन से संबंधित तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम की मौजूदा व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि HOCKEY INDIA LEAGUE का आयोजन रांची एवं झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।





