
Jharkhand के सभी पंचायतों में स्थापित होगा हेल्थ कॉटेज, स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा
Ranchi : रांची के नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में बुधवार को ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन विषय पर राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही सभी पंचायतों में ‘हेल्थ कॉटेज’ स्थापित करने जा रही है, जहां इलाज के साथ-साथ स्वास्थ्य के अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध कराया जाएगा।कार्यशाला में राज्यभर के सिविल सर्जन, ई-संजीवनी टेलीमानस के प्रतिनिधि सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री, राजमहल के सांसद श्री विजय हांसदा एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा द्वारा ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन की प्रोटोकॉल गाइडलाइंस का अनावरण किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 डॉक्टरों एवं 12 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO) को सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि कोविड जैसे कठिन समय में जब लोग एक-दूसरे से दूर हो रहे थे, उस समय ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन ने लोगों को जोड़ा। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के साथ उनका व्यवहार सहज, सरल और संवेदनशील होना चाहिए, ताकि मरीज अपनी समस्या खुलकर साझा कर सकें।
उन्होंने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में अत्याधुनिक और एआई आधारित तकनीकों को शामिल कर व्यापक सुधार लाया जाएगा। इसके लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने सिविल सर्जनों से निर्भीक होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए मरीजों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक चिकित्सक के रूप में हम सभी बिना किसी भेदभाव के सेवा करने की शपथ लेते हैं। चिकित्सा सेवा का क्षेत्र है, जहां मानवता सर्वोपरि होनी चाहिए।




