JPSC Success : सीडीपीओ की परीक्षा में रेड़मा की दिव्या राजन ने रचा सफलता का इतिहास

Bablu Tiwary @ United Palamu

Palamu : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) की परीक्षा में रेड़मा(झरना टोला) निवासी पंडित रामप्रवेश तिवारी की सुपौत्री एवं अजीत तिवारी की पुत्री दिव्या राजन ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

दिव्या ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में 21वीं रैंक प्राप्त कर पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है।उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

दिव्या राजन शुरू से ही एक मेधावी और अनुशासित छात्रा रही हैं।उनकी प्रारंभिक शिक्षा विशप वेस्टकाट गर्ल्स स्कूल, डोरंडा,रांची से हुई।इसके बाद उन्होंने जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली,रांची से 12वीं की पढ़ाई पूरी की।शिक्षा के प्रति उनकी निरंतर लगन ने उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया।उन्होंने बीआईटी सिंदरी,धनबाद जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की।

इंजीनियरिंग जैसी तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद दिव्या ने समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने का संकल्प लिया। इसी उद्देश्य से उन्होंने जेपीएससी सीडीपीओ परीक्षा की तैयारी शुरू की।कठिन परिश्रम,अनुशासन,आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।उनकी यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों तो सफलता अवश्य मिलती है।

दिव्या की इस सफलता पर सामाजिक कार्यकर्ता नवीन तिवारी,राकेश तिवारी (बबलू), झामुमो युवा नेता सन्नी शुक्ला, दिलीप त्रिपाठी,अजय तिवारी मुन्ना ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें एवं उनके परिजनों को बधाइयाँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।आज दिव्या राजन क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गई हैं।

जिन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!