
LPG Crisis : गैस सिलेंडर की कूपन लेने के लिए घंटों कतार में खड़े रहे उपभोक्ता
alamu : पलामू जिले में संभावित गैस किल्लत की आशंका के बीच बुधवार को वैष्णवी एचपी गैस ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के मुख्य गेट के सड़क पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह रही कि गैस सिलेंडर की रसीद कटवाने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। एजेंसी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल भी देखने को मिला।

वहीं कतारों में महिलाएं,बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में मौजूद थे, जो अपनी बारी आने का घंटों इंतजार करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग जल्दबाजी में कूपन लेने पहुंचने लगे। कई उपभोक्ता बिना पूर्व बुकिंग के ही एजेंसी पहुंच गए, जिससे व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया और भीड़ बढ़ती चली गई। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बन गई। जिसे चैनपुर थाना पुलिस की ओर से भी लोगों से संयम बनाए रखने और अनावश्यक घबराहट से बचने का आग्रह किया गया।
देर शाम तक स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आई, हालांकि अचानक उमड़ी भीड़ के कारण उपभोक्ताओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।



