
Manatu :वज्रपात की चपेट में आकर महिला घायल, हालत गंभीर
Palamu : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत नौडीहा गांव निवासी तपेश्वर यादव की 50 वर्षीय पत्नी पार्वती देवी वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पार्वती देवी अपने घर के पास मवेशियों को बांध रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सको ने महिला को बेहतर इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जहां इलाज के बाद भी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और वज्रपात की आशंका के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।




