Medininagar Nagar Nigam Election: अरुणा शंकर के नामांकन आशीर्वाद यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भगवामय हुआ मेदिनीनगर

सैकड़ो शंख, बंगाल का ढाक नृत्य, पंजाबी ढोल और घंटी की गूंज ने ऐतिहासिक बनाया आशीर्वाद यात्रा

Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम के चुनावी दंगल में सोमवार को प्रथम महापौर अरुणा शंकर ने शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान शहर का कोना-कोना ‘जय श्री राम’ और विकास के नारों से गूँज उठा। टाउन हॉल से लेकर कचहरी चौक तक पूरी सड़क भगवा रंग में रंगी नजर आई। जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा मेदिनीनगर अपनी प्रथम महापौर के समर्थन में सड़कों पर उतर आया हो। सैकड़ो ब्राह्मणों द्वारा शंख, बंगाली ढाक, पंजाबी ढोल, भगवा साफा और श्री राम के नारे ने ऐतिहासिक बनाया जनआशीर्वाद यात्रा को।

नामांकन से पूर्व अरुणा शंकर ने अपनी ‘नामांकन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन (टाउन हॉल) से की। यहाँ से जनसमूह के साथ चलते हुए उन्होंने शिवाला घाट मंदिर में मत्था टेका और नगर की खुशहाली की कामना की। इसके बाद यात्रा जय भवानी संघ चौक स्थित बेनी मंदिर पहुँची, जहाँ पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने पाँच मुहान चौक पर स्थित स्व. पूरनचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

आशीर्वाद यात्रा जब छः मुहान चौक पहुँची, तो वहाँ का दृश्य भावुक करने वाला था। अरुणा शंकर ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा की। पूरी यात्रा के दौरान शहरवासियों का उत्साह चरम पर था। कई जगहों पर समर्थकों ने उन्हें फूलों की मालाओं से लाद दिया, तो वहीं स्थानीय निवासियों ने अपने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर अपनी ‘प्रथम महापौर’ का भव्य स्वागत किया। यह स्नेह साफ तौर पर उनके पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और जनता के बीच उनकी गहरी पैठ को दर्शा रहा था।

इस ऐतिहासिक नामांकन यात्रा में क्षेत्र के कई दिग्गज और वरिष्ठ चेहरे कंधे से कंधा मिलाकर चलते दिखे। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल रहे। कार्यकर्ताओं का जोश यह बता रहा था कि वे अरुणा शंकर के नेतृत्व में मेदिनीनगर के विकास की गति को और तेज करने के लिए संकल्पित हैं।

शहीद चौक (कचहरी चौक) पहुँचने पर यात्रा एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई। समर्थकों को संबोधित करते हुए अरुणा शंकर ने कहा कि यह जनसैलाब केवल एक नामांकन यात्रा नहीं, बल्कि मेदिनीनगर की जनता का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने शहर के अधूरे सपनों को पूरा करने और इसे एक आधुनिक, स्वच्छ और विकसित नगर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!