
Palamu pulice : अस्थायी रूप से गुम हुए पिस्टल मामले में पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाना किसी भी दृष्टिकोण से नहीं हैं उचित
Palamu : कुछ समाचार माध्यमों द्वारा यह भ्रामक एवं तथ्यहीन खबर फैलाना कि “पुलिस अभिरक्षा से हथियार लापता होने की घटना ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं” जो वास्तविक तथ्यों से परे, अतिरंजित एवं भ्रामक है। उक्त आशय के संबंध में पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पुलिस जवान से सेवा में प्रयुक्त सरकारी पिस्टल अस्थायी रूप से गुम हुआ था, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर तत्काल एवं त्वरित कार्रवाई की गई तथा अल्प समय के भीतर हथियार को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है
दिनांक 08/09.01.2026 की रात्रि करीब 00:40 बजे टी०ओ०पी०-02 प्रभारी को सूचना प्राप्त हुई कि टी०ओ०पी०-02 में प्रतिनियुक्त टाईगर मोबाईल के आरक्षी बैद्यनाथ प्रसाद यादव का सरकारी पिस्टल कहीं गुम हो गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार टी०ओ०पी०-02 प्रभारी द्वारा सभी टाईगर जवानों के साथ अविलंब रेलवे स्टेशन क्षेत्र में खोज अभियान चलाया गया। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित आरक्षी शराब के नशे की अवस्था में थे तथा उनके पास उनका सरकारी पिस्टल नहीं था। तत्परता दिखाते हुए टी०ओ०पी०-02 प्रभारी द्वारा अन्य जवानों की सहायता से स्टेशन रोड स्थित नगर निगम दुकान के छत से सरकारी पिस्टल सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया, एवं सार्वजनिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसे तत्काल अपने कब्जे में लिया गया। प्रथम दृष्टया जांच में यह तथ्य सामने आया कि शराब सेवन के कारण आरक्षी का शारीरिक संतुलन नियंत्रित नहीं था, जिस कारण वे दुकान की छत पर चढ़ गए और इसी दौरान उनका सरकारी पिस्टल गिर गया। यह भी स्पष्ट है कि उक्त हथियार—
- किसी आपराधिक घटना में प्रयुक्त नहीं हुआ,
- किसी प्रकार की जनहानि या सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा उत्पन्न नहीं हुआ,
- तथा समय रहते पुलिस द्वारा पूर्णतः सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया गया।
लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित हुआ जवान
आरक्षी बैद्यनाथ प्रसाद यादव की उक्त गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करते हुए लाईन हाजिर कर दिया गया है, एवं उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अनुशासनहीनता का परिणाम है पिस्टल गुम होना
पलामू पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि यह मामला किसी भी प्रकार से पुलिस अभिरक्षा की विफलता या जिले की सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं, बल्कि एक पुलिसकर्मी की व्यक्तिगत स्तर की अनुशासनहीनता का परिणाम है, जिस पर विभाग द्वारा तत्काल और कठोर कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद कुछ समाचार माध्यमों द्वारा बिना तथ्यों की पुष्टि किए सनसनीखेज एवं भ्रामक निष्कर्ष प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे आमजन में भ्रम उत्पन्न होता है।
पलामू पुलिस यह पुनः स्पष्ट करती है कि जिले की कानून-व्यवस्था पूर्णतः सुदृढ़, नियंत्रित एवं प्रभावी है, तथा प्रत्येक घटना पर पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाती है।

मीडिया से अपील
पलामू पुलिस ने कहा, मीडिया से अपील की जाती है कि समाचार प्रकाशन से पूर्व तथ्यों की पुष्टि संबंधित पुलिस अधिकारियों से अवश्य करें।पलामू पुलिस जनहित, अनुशासन एवं सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।




