
Pipratad Thana : अफीम तस्करों के लिए काल हैं थाना प्रभारी निलेश कुमार
Palamu : पलामू जिले के पिपरटांड के थाना प्रभारी निलेश कुमार ने अफीम की खेती के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। थाना प्रभारी निलेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अफीम की खेती और इसके अवैध व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अफीम तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष छापेमारी अभियान की तैयारी की जा रही है। इसके तहत खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और तस्करों के संभावित ठिकानों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए भी घातक है। इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी निलेश कुमार ने ग्रामीणों को बिचौलियों और दलालों से सावधान रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अक्सर कुछ लोग पुलिस के नाम पर ग्रामीणों को डराकर या समस्या सुलझाने के बहाने अवैध वसूली करते हैं। ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ग्रामीण सीधे थाना प्रभारी से संपर्क करें। पुलिस जनता की सेवा के लिए है, न कि किसी प्रकार के शोषण के लिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से ही क्षेत्र को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।





