
अंबुजा सीमेंट्स ने एसीसी और ओरिएंट सीमेंट के साथ विलय को दी मंजूरी
Munbai : सीमेंट सेक्टर में बड़े एकीकरण की दिशा में अहम कदम उठाते हुए अंबुजा सीमेंट ने अपने दो प्रमुख सहयोगी उपक्रमों एसीसी और ओरिएंट के साथ विलय को मंजूरी दे दी है। कंपनी का कहना है कि इस फैसले से देशभर में मजबूत मौजूदगी वाली एक पैन इंडिया सीमेंट पावरहाउस तैयार होगी, जिससे दीर्घकाल में मुनाफा और शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न मिलेगा। अदाणी ग्रुप की इस प्रमुख कंपनी ने बयान में कहा कि विलय से संचालन में बेहतर तालमेल बनेगा, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स को ऑप्टिमाइज किया जा सकेगा और पूंजी का ज्यादा प्रभावी इस्तेमाल संभव होगा। अंबुजा सीमेंट्स के मुताबिक, इन सुधारों से कंपनी की लाभप्रदता बढ़ेगी, क्षमता विस्तार को समर्थन मिलेगा और लंबे समय में शेयरधारकों के रिटर्न मजबूत होंगे।कंपनी ने बताया कि इस विलय से नेटवर्क, ब्रांडिंग और सेल्स प्रमोशन से जुड़े खर्चों को सरल और तर्कसंगत बनाया जाएगा। इससे लागत में कटौती होगी और प्रति मीट्रिक टन कम से कम 100 रुपये तक मार्जिन सुधार होने की उम्मीद है। अंबुजा का मानना है कि एकीकृत ढांचे से प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और बाजार में पकड़ मजबूत होंगी। विलय के बाद संरचनात्मक दोहराव खत्म होगा, प्रशासनिक खर्च घटेगा और फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। कंपनी ने कहा कि इसके बाद एसीसी, ओरिएंट, पेन्ना और सांघी के साथ किसी अलग मास्टर सर्विस एग्रीमेंट (एमएसए) की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि ये सभी अंबुजा सीमेंट्स का अभिन्न हिस्सा बन जाएंगे। इससे प्रबंधन और संचालन दोनों स्तर पर लचीलापन आएगा।





