
असामाजिक तत्वों ने विद्यालय की नवनिर्मित चहारदीवारी व खिड़की को किया क्षतिग्रस्त
Digital Desk – United Palamu
हेडमास्टर ने थाना को दिया आवेदन
Palamu : राजकीयकृत बक्शी उच्च विद्यालय, हुसैनाबाद में गत 12 दिसंबर 2025 की रात्रि में अज्ञात लोगों ने विद्यालय की नवनिर्मित उत्तर दिशा की चहारदीवार क्षतिग्रस्त कर कमरे की खिड़की के रड को तोड़कर चोरी का प्रयास किया है। इस संबंध में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संतोष प्रसाद ने हुसैनाबाद थाना में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि स्थानीय लोगों द्वारा विद्यालय अवधि के पश्चात विद्यालय की चहारदीवारी को अनाधिकृत रूप से फांद कर विद्यालय परिसर में खेलना, विद्यालय में लगे फूल- पत्ती एवं पेड़- पौधों को क्षति पहुंचाना, विद्यालय परिसर में गंदगी फैलाना तथा विद्यालय की संपत्ति को क्षति पहुंचाना नियति बन गई है। 12 दिसंबर की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चहारदीवारी तोड़ कर अन्दर प्रवेश कर सीसीटीवी खिड़की आदि को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। पूर्व में भी विद्यालय के पत्रांक 150, 30 जुलाई 2019, पत्रांक- 18, 29 जनवरी 2020, पत्रांक 78, 16 जुलाई 2021, पत्रांक 24, 12 फरवरी 2022, पत्रांक- 51, 26 जून 2024 तथा पत्रांक 78, 30 अगस्त 2024 द्वारा विद्यालय संचालन अवधि के पहले और बाद में विद्यालय परिसर में बाहरी बच्चों को खेलने पर प्रतिबंध लगाने तथा इस तरह की घटनाओं को रोकने का अनुरोध थाना प्रभारी, हुसैनाबाद से किया गया था, जिससे असामाजिक तत्व विद्यालय की संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा सकें। परंतु कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद भी अभी तक थाना पुलिस ने कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं की। जिससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि ऐसी घटनाओं से अनुमण्डल पदाधिकारी, हुसैनाबाद द्वारा दिए गए विद्यालय विकास से संबंधित निर्देशों का पालन करने में काफी कठिनाई हो रही है।
प्रभारी प्राचार्य ने आवेदन के माध्यम कहा है कि राजकीयकृत बक्शी उच्च विद्यालय, हुसैनाबाद में नवनिर्मित चहारदीवारी तथा खिड़की क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यालय संचालन अवधि के पहले और बाद में विद्यालय परिसर में अनाधिकृत रूप से चहारदीवारी फांद कर खेलने वाले बाहरी बच्चों पर भी उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।





