आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा : ट्रंप
Newyatk : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर ईरान को खौफनाक धमकी दी। उन्होंने कहा कि आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी पुनर्जीवित नहीं किया जा सकेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा, आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी पुनर्जीवित नहीं किया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद यही होगा। हालांकि, अब जब हमारे सामने पूरी तरह सत्ता परिवर्तन की स्थिति है, जहां, अलग, अधिक बुद्धिमान और कम कट्टरपंथी सोच वाले लोग सत्ता में हैं, तो शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत घटित हो सकता है, कौन जाने?

उन्होंने कहा, आज रात हमें विश्व के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम क्षणों में से एक का पता चल जाएगा। 47 वर्षों की जबरन
वसूली, भ्रष्टाचार और मौतों का आखिरकार अंत होगा। ईरान के महान लोगों पर ईश्वर की कृपा हो।
उधर, आईआरजीसी ने अमेरिका को लक्ष्मण रेखा पार न करने की चेतावनी दी है। कोम प्रांत के डिप्टी गवर्नर मोर्तेजा हेदरी ने पुष्टि की कि मंगलवार को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के कोम शहर के पास एक पुल पर हमला किया।
इसी बीच, मेहर न्यूज एजेंसी ने जानकारी दी कि ईरान के काशान शहर में रेलवे के एक पुल पर इस्राइल ने हमला किया है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई। हमला यहया आबाद रेलवे पुल पर किया गया। यह पुल मध्य ईरान में स्थित है। रिपोर्ट के अनुसार, इस्फहान के डिप्टी गवर्नर ने पुष्टि की कि हमले में दो लोगों की जान गई है। इस्राइली सेना ने पहले चेतावनी देते हुए ईरानी नागरिकों से कहा था कि वे शाम नौ बजे तक ट्रेनों में सफर न करें। ईरान के पूर्वोत्तरी शहर मशहद में रेल सेवाओं पर अचानक रोक लगा दी गई है।




