इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ मध्यप्रदेश के शिवपुरी में लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर
Bhopal : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिला मुख्यालय पर रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन द्वारा आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर को एक ही स्थान पर सबसे बड़े निःशुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। यह जानकारी सोमवार को जनसम्पर्क अधिकारी प्रियंका शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि उक्त शिविर का आयोजन 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के माध्यम से किया जा रहा है। शिविर में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ एवं स्वयंसेवकों की टीम द्वारा आमजन को व्यापक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर में मरीजों को विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच, दवाइयां एवं उपचार उपलब्ध कराए गए, जिससे एक ही स्थान पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा सुनिश्चित हुई। यह पहल जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने एवं समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हुई है। उक्त रिकॉर्ड 24 मार्च 2026 को प्रमाणित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया ने कहा कि इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी स्वयंसेवकों का सराहनीय प्रयास रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संतुष्ट करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, किंतु शिविर के दौरान कहीं भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई, जो उत्कृष्ट प्रबंधन का प्रमाण है। उन्होंने शिविर में अपनाई गई डिजिटल प्रक्रिया एवं क्यूआर कोड आधारित पंजीयन व्यवस्था की भी सराहना की।
कार्यक्रम में विधायक देवेन्द्र जैन,विधायक कोलारस महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में श्री प्रदीप पाराशर द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भूपेंद्र जैन, रोटरी क्लब ग्वालियर एवं शिवपुरी के पदाधिकारी, रोटेरियन्स, चिकित्सक एवं स्वयंसेवकगण उपस्थित रहे।




