
उत्तराखंड के चमोली में सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनें टकराईं, 70 मजदूर घायल, अधिकांश घायल मजदूर झारखंड के
Dehradune : उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार की देर रात पीपलकोटी में टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन की टनल के अंदर मजदूरों को लाने वाली 2 लोको ट्रेन आपस में टकरा गई। इस हादसे में 70 मजदूर घायल हो गए। अधिकांश घायल मजदूर झारखंड बिहार के बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से एक ट्रेन ने पीछे से दूसरी ट्रेन को टक्कर मार दी। अंधेरे हिस्से में हुई इस टक्कर से अंदर मौजूद मजदूर संभल नहीं पाए और कई लोग ट्रेन के भीतर ही गिर पड़े। टक्कर लगते ही सुरंग के भीतर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में 42 घायल मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल गोपेश्वर में चल रहा है जबकि 17 मजदूरों को पीपलकोटी के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। ज्यादातर मजदूर झारखंड और ओडिशा के रहने वाले हैं।
टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) का विष्णुगाड़ पीपलकोटी में हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट चल रहा है। इसी प्रोजेक्ट की टनल के अंदर ये हादसा हुआ है।





