
उपायुक्त की अध्यक्षता में श्रम विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
लातेहार:उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में श्रम विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया।बैठक में प्रवासी श्रमिकों, असंगठित कर्मकारों, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा बाल एवं अल्पवयस्क श्रमिकों तथा श्रमिकों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रवासी श्रमिकों से संबंधित जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि जिले के बाहर कार्यरत श्रमिकों का अद्यतन डाटा संधारित किया जाए तथा उनकी सुरक्षा और सुविधा से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिल सके।बैठक में बाल एवं अल्पवयस्क श्रमिकों से संबंधित मामलों की समीक्षा कर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाल श्रम के विरुद्ध लगातार अभियान चलाते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, श्रम अधीक्षक दिनेश भगत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





