एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए विधायक सह जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो
Ranchi : डुमरी विधायक सह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो मंगलवार को धनबाद स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे। विधायक विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में बोकारो जिले के सियालजोड़ी थाना में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है, जो वेदांता स्टील प्लांट के मजदूर आंदोलन से संबंधित मामले में पेश हुए।

मौके पर जयराम महतो ने कहा कि उनका इस आंदोलन से कोई सीधा संबंध नहीं था और वे उस दिन घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर लगे बैनर में उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें इस मामले में नामजद किया गया है, जो पूरी तरह से गलत है। यह मामला 27 नवंबर 2023 का है।
जयराम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से हिंदू धर्म पर की गई टिप्पणी के बयान पर उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया को सभी धर्मों को साथ लेकर चलना चाहिए और सभी वर्गों के हित में काम करना चाहिए।
आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 05 से 10 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगा। वहीं असम चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी वहां चुनाव नहीं लड़ेगी और भविष्य में संसाधन बढ़ने पर इस पर विचार किया जाएगा।




