
एसवीएम में अभिभावक शिक्षा सह अभिभावक गोष्ठी संपन्न
शिशु वाटिका की व्यवस्थाओं से कराया गया परिचय, गतिविधि आधारित शिक्षा पर जोर
लातेहार:सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत कक्षा अरुण से द्वितीय तक के वाटिका खंड के अभिभावकों के लिए अभिभावक शिक्षा सह अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्या भारती के अंतर्गत संचालित शिशु वाटिका की 12 प्रमुख व्यवस्थाओं से अभिभावकों को अवगत कराया गया। साथ ही विद्यालय परिवार की अभिभावकों से अपेक्षाओं की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।गोष्ठी में विभिन्न खेलों एवं गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों का प्रशिक्षण एवं मनोरंजन भी किया गया, जिससे वे बच्चों की शिक्षा पद्धति को बेहतर ढंग से समझ सकें।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुधा अग्रवाल एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि क्रियाकलाप आधारित शिक्षा से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास संभव है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को शिक्षित एवं प्रशिक्षित करने के साथ-साथ उन्हें विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना था।इस गोष्ठी में वाटिका खंड के 60 से अधिक महिला एवं पुरुष अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिशु वाटिका प्रमुख गीता कुमारी, नीलम अम्बषटा, पूनम गुप्ता, शिल्पा कुमारी, नीलम कुमारी एवं रुबी कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




