खुशखबरी : पुरूलिया से आनंद विहार वाया राॅची, डालटनगंज, अयोध्या धाम, लखनउ नई ट्रेन के परिचालन की मिली स्वीकृति
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयास के कारण मिली सफलता
Palamu : पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक एवं बहुप्रतीक्षित सौगात के रूप में पुरूलिया से आन्नद विहार (दिल्ली), वाया राॅची, डालटनगंज, अयोध्या धाम, लखनउ नई ट्रेन के परिचालन की मिली स्वीकृति।
पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयासों, दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत दोनों जिले क्रमशः पलामू एवं गढ़वा की जनता को पुरूलिया से डालटनगंज, गढ़वा रोड, नगर ऊंटारी, वाया अयोध्या धाम, लखनऊ होते हुए आन्नद विहार (दिल्ली) तक नई ट्रेन के परिचालन को स्वीकृति प्रदान की गयी है। यह नई ट्रेन पलामू एवं गढ़वा जिलों के लाखों नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। विशेष रूप से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में दर्शन के लिए अब सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGI) में जाने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को अब लंबी दूरी की जटिल यात्रा और ट्रेन बदलने की असुविधा से मुक्ति मिलेगी और आन्नद विहार (दिल्ली) के लिए भी सुविधा होगी। यह ट्रेन सेवा क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण परिवारों के लिए विशेष रूप से राहतकारी यात्रा सिद्ध होगी।

सांसद श्री राम ने कहा कि उक्त नई ट्रेन के परिचालन हेतु लोकसभा में नियम 377 एवं शून्यकाल के दौरान प्रभावी ढंग से मामले को उठाया एवं रेल मंत्रालय के समक्ष लिखित एवं मौखिक रूप से इस विषय को रखा तथा मंडल एवं जोनल स्तर की बैठकों में भी लगातार मामले को उठाया। इसके अतिरिक्त, माननीय सांसद ने व्यक्तिगत रूप से माननीय रेल मंत्री से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराया तथा शीघ्र स्वीकृति की मांग किया था। यह ट्रेन न केवल धार्मिक एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों को भी नई गति प्रदान करेगी। इससे पलामू एवं गढ़वा क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी एवं क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा। बहुत जल्द इस नई ट्रेन के शुभारंभ हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं उपस्थित रहकर क्षेत्रवासियों को समर्पित करेंगे। यह पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सांसद ने पलामू संसदीय क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से देश के एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है। इस आशय की जानकारी सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने दी।




