गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार के सख्त कार्रवाई से बालू माफिया में मचा हड़कंप

Gadhwa : अवैध रूप से बालू का खनन और भंडारण करने वालों पर गढ़वा सदर के एसडीएम संजय कुमार ने सख्त कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार कांडी क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सदर एसडीएम संजय कुमार ने बुधवार को विभिन्न अवैध खनन संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनधिकृत रूप से संग्रहित बालू को जब्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राणाडीह के समीप स्थित एक निजी स्टॉकयार्ड में छापेमारी की गई, जहां लगभग 300 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर अवैध रूप से संग्रहित बालू पाया गया। मौके पर मौजूद स्थानीय मुखिया ललित बैठा सहित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त बालू को कोयल नदी से रात के अंधेरे में अवैध रूप से निकालकर यहां भंडारित किया गया है। एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से अनधिकृत बालू भंडार को जब्त करते हुए अंचल अधिकारी को सुपुर्द कर दिया। साथ ही थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि स्थल पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में बालू का उठाव न होने दिया जाए। उन्होंने बताया कि मामले में खनन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। एसडीएम ने मोखापी बालू घाट का निरीक्षण किया, जहां स्टॉकयार्ड में 2000 ट्रैक्टर से अधिक बालू का भंडार पाया गया। स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर इस भंडार को संदिग्ध मानते हुए जिला खनन पदाधिकारी को वस्तुस्थिति से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। तब तक अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को उक्त स्टॉक पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। एसडीएम संजय कुमार ने और कई जगहों पर अवैध बालू खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। एसडीएम की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!