गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर निवासी पिकू कर्मकार उर्फ पुसा (36) के रूप में हुई है।मंगलवार को सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छह अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह का एक युवक बारीडीह क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने बारीडीह गोलचक्कर के पास संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान काशाई रोड के पास आरोपित दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 3.71 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और दो बार जेल जा चुका है। एक मामला परसुडीह में चोरी से जुड़ा है, जबकि दूसरा एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजाब के अमृतसर में दर्ज है। फिलहाल सिदगोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।




