
गारू प्रखंड के कबरी बाजार में किराना दुकान में लगी आग, 10 से 20 हजार रुपये का नुकसान
लातेहार:जिले के गारू प्रखंड की रुद पंचायत के कबरी बाजार में बीती रात एक किराना दुकान में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।दुकान के मालिक संतोष प्रसाद ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह रात लगभग 8 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है।सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे।इस दौरान आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग आसपास की दुकानों तक भी फैल सकती थी।संतोष प्रसाद के अनुसार इस घटना में लगभग 10 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। उन्होंने इस संबंध में थाना को सूचना दे दी है।





