गुणवता की अनदेखी:आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण में अनियमितता,ग्रामीणों में नाराजगी

लातेहार: जिले के गारू प्रखंड अंतर्गत रुद पंचायत के बारीबंध गांव में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण कार्य में दो नंबर की ईंट तथा डैम से लाए गए मिट्टी मिश्रित बालू समेत अन्य घटिया सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र होता है, लेकिन इसके निर्माण में ही गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है।लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में जो ईंट लगाई जा रही है वह काफी कमजोर और दो नंबर की है, जबकि बालू भी पास के डैम से लाया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह घटिया सामग्री से भवन का निर्माण किया गया तो आने वाले समय में भवन जर्जर हो सकता है और इससे बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
इस मामले को लेकर आजसू पार्टी के गारू प्रखंड अध्यक्ष आशीष सिंह ने भी नाराजगी जताई है।उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जैसे महत्वपूर्ण भवन के निर्माण में यदि दो नंबर की ईंट और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तो यह बेहद गंभीर मामला है।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराई जाए और दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।आशीष सिंह ने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो आजसू पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।वहीं ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कराने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!