गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
New Delhi : दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील की गाड़ी पर फायरिंग हुई. कुल 4 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. पुलिस जांच में जुटी है. बीते मंगलवार की रात पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली. घटना की जो तस्वीर सामने आई है उसमें कार के पीछे का शीशा टूट गया.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि कश्मीरी गेट इलाके में पांच लोगों को ले जा रही एक गाड़ी पर फायरिंग हुई. इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया. गाड़ी में सवार लोगों में से एक वकील हैं, जो लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम का हिस्सा होने का दावा करते हैं.
लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री ने कहा, “कश्मीरी गेट के हनुमान मंदिर के पास ये वारदात हुई. हम पांच लोग गाड़ी में सवार थे. भगवान की दया से हम बच गए.” उन्होंने कहा कि बीच में जो संदीप बैठा था वो घायल हो गया. संदीप की कमर में गोली लगी है.
वकील ने बताया कि एक स्कूटी पर तीन लोग सवार थे. हमने कार को भगाना शुरू किया. उन्होंने आशंका जताई कि कोई रेकी या पीछा कर रहा था. हमला गाड़ी के पिछले हिस्से की तरफ से किया गया. मंदिर से निकलकर जब घर की ओर निकल रहे थे तभी फायरिंग हुई. घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है. सुजुकी की सियाज कार में सभी पांच लोग सवार थे.




