
जिला स्तरीय दो दिवसीय कृषि मेला सह फल, फूल, सब्जी प्रदर्शनी 2025-26का हुआ शुभारंभ

लातेहार:जिला स्तरीय दो दिवसीय (17 एवं 18 फरवरी 2026) कृषि मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी तथा जिला स्तरीय पशु मेला का आयोजन अनुमण्डलीय कृषि प्रक्षेत्र,कीनामाड़, लातेहार परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिला परिषद् अध्यक्ष पूनम देवी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी (प्रक्षेत्र), लातेहार विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद् सदस्य, सरयु वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान, कृषि विज्ञान केन्द्र, बालुमाथ, सह निदेशक, क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र, चियाकी, पलामू के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने, फसल विविधीकरण पर जोर देने तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेले से किसानों को नई जानकारी, बाजार उपलब्धता एवं बेहतर उत्पादन की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त होता है।मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नत खेती, कीट प्रबंधन, जैविक खेती एवं बागवानी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
नेहा निश्चल, जिला कृषि पदाधिकारी, लातेहार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। पशुपालन, गव्य विककास, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों ने अपने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया एवं किसानों को लाभ उठाने की बात कही।इस अवसर पर कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा नवाचार तकनीकों से संबंधित कुल 25 स्टॉल लगाये गये। विभिन्न प्रखण्डों के कृषक/प्रगतिशील कृषकों के द्वारा उपजाये गये विभिन्न फसलों-गेहूँ, चना, मसूर, तीसी, पपीता, अमरूद, केला, नींबू, सकरकंद, टमाटर, आलु, कट्ट, कोहड़ा, ओल, गोभी, बैगन, विभिन्न फूलों एवं सब्जियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में कृषक एवं आमजन उपस्थित रहे।उद्यान विकास योजना के तहत संरक्षित फूलों की खेती हेतु 03 लाभुकों को दिया गया।कीट रहित सब्जी उत्पादन हेतु कुल 03 लाभुकों को दिया गया।जिला गव्य विकास कार्यालय, लातेहार द्वारा एक दिवसीय दुधारू पशु मेला का आयोजन किया गया। मेला में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना वर्ष 2025-26 अन्तर्गत कुल 15 लाभुकों को उपायुक्त महोदय, लातेहार एवं अध्यक्ष महोदया, जिला परिषद द्वारा गाय का वितरण किया गया। उक्त 15 लाभुकों में नीति आयोग के आकांक्षी प्रखण्ड-महुआडांड़ के भी लाभुक शामिल थे, जिन्हे उपायुक्त महोदय द्वारा अच्छे तरीके से दुग्ध उत्पादन करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।जिला पशुपालन कार्यालय, लातेहार के द्वारा कृषि मेला में कृषकों के लिए शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही शिविर के माध्यम से ग्राम-जालिमखुर्द के 06 लाभुकों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत बत्तख चुजा का वितरण किया गया।इस दौरान उपायुक्त द्वारा स्टॉल निरीक्षण किया गया।यह कृषि मेला दो दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न प्रखंडों से आए किसान भाग लेकर तकनीकी जानकारी प्राप्त करेंगे एवं अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा मेले के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, संबंधित पदाधिकारी, कंचन कुमार सुमन, उप परियोजना निदेशक, आत्मा, लातेहार, सभी प्रखण्डों के सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी/जनसेवक, कृषक मित्र एवं सैंकड़ों किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया।





