झारखंड राज्यसभा चुनाव : दो सीटों के लिए मतदान जारी, शाम 5 बजे से होगी मतगणना

Ranchi : झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान झारखंड विधानसभा के कक्ष संख्या-142 में कराया जा रहा है। सभी विधायक निर्धारित प्रक्रिया के तहत बारी-बारी से मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। परिणाम देर रात तक घोषित किए जाने की संभावना है। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है।

दो सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में राजनीतिक दलों की नजर खासकर दूसरी सीट के मुकाबले पर टिकी हुई है। मतदान शुरू होते ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। इंडी महागठबंधन और एनडीए दोनों खेमों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।

इंडी महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैजनाथ राम और कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी भी चुनावी मैदान में हैं।

मतदान के दौरान एनडीए ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपने सभी 24 विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया। एनडीए नेताओं ने दावा किया कि उनके सभी विधायक एकजुट हैं और गठबंधन को जीत का पूरा भरोसा है।

इस बीच निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त है और विभिन्न दलों का समर्थन भी मिल रहा है।

वहीं, झामुमो के वरिष्ठ नेता और मंत्री चमरा लिंडा ने विधानसभा पहुंचने पर इंडी गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। दूसरी ओर, इंडी महागठबंधन के विधायक भी बसों और निजी वाहनों से विधानसभा पहुंचे और संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन किया।

मतदान से पहले दोनों पक्षों के नेताओं ने अपनी-अपनी जीत का दावा दोहराया। महागठबंधन का कहना है कि उसके पास दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या बल है, जबकि एनडीए नेताओं ने भी चुनाव परिणाम को लेकर पूरा विश्वास जताया है।

अब सभी की निगाहें शाम 5 बजे शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि झारखंड से राज्यसभा की दोनों सीटों पर आखिर किसके उम्मीदवार जीत दर्ज करते हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!