झारखण्ड की ओर जा रहे कार से आसनसोल में 4 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद
Asansol : आसनसोल साउथ थाना पुलिस ने शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे कालीपहाड़ी मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान एक कार से विदेशी मुद्रा और नकदी बरामद की। पुलिस सूत्रों के अनुसार (WB 12D/7000) नंबर की कार, जो कि कोलकाता से आसनसोल की ओर आ रही थी, को संदेह के आधार पर रोका गया।

तलाशी के दौरान कार चालक के पास से चार हजार अमेरिकी डॉलर, चार हजार दीनार और लगभग डेढ़ लाख रुपये बरामद हुए। मैरून रंग की हुंडई कार में सवार चालक से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह आसनसोल में किसी के पास आया था या यहां से झारखण्ड की ओर जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को देखते हुए व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम बर्दवान जिला झारखंड से सटा होने के कारण संवेदनशील माना जाता है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के विभिन्न नाकों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में झारखंड और बिहार से आने वाले वाहनों और बसों की भी जांच की जा रही है। गुरुवार को भी नाका चेकिंग के दौरान दो बसों से लगभग 12 किलो गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।




