
डायन-भूत और जादू-टोना के खिलाफ पिपराटांड़ थाना प्रभारी ने चलाया जन-जागरूकता अभियान

Palamu : जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमजनों को जागरूक करने हेतु शनिवार को विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान थाना प्रभारी निलेश कुमार द्वारा डायन-भूत, झाड़-फूंक, जादू-टोना जैसे अंधविश्वासों से प्रेरित होकर घटित होने वाले अपराधों तथा इससे संबंधित कानून के दंडनीय प्रावधानों की जानकारी लोगों को दी गई। इसके साथ ही नशा सेवन के दुष्परिणामों एवं नशा छोड़ने से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही साइबर ठगी एवं विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के क्रम में राहबीर योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी भी आम जनता को दी गई। यह जागरूकता कार्यक्रम विभिन्न स्कूलों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों के बीच संवाद स्थापित कर तथा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर चिपकाकर संचालित किया गया।
पुलिस द्वारा आमजनों से अपील की गई कि वे अंधविश्वासों से दूर रहें, किसी भी प्रकार की अफवाह या झूठे प्रलोभन में न आएं तथा साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




