डीसी व एसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक,पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट

Latehar : आगामी होली, ईद एवं रामनवमी को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि एक साथ कई प्रमुख त्योहार होने के कारण विशेष सतर्कता एवं निगरानी जरूरी है, ताकि सभी पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों व अन्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक करने, फ्लैग मार्च निकालने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पटाखा भंडारण एवं बिक्री के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य होगा तथा बिना लाइसेंस के बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। होलिका दहन स्थल पर पटाखा नहीं फोड़ने की अपील करते हुए आमजनों को जागरूक करने में शांति समिति के सदस्यों से सहयोग मांगा गया। होली के दिन जिले की सभी शराब दुकानों को बंद रखने, ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सभी थाना प्रभारियों को गश्ती तेज करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा छोटी से छोटी घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि साइबर सेल 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी कर रहा है। आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष 06565-247981, मोबाइल 08987796308, साइबर सेल नंबर 6206159795 अथवा 112 पर सूचना दी जा सकती है।बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। प्रशासन ने सभी से पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सहयोग की अपील की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!