
दिल्ली-पंजाब से 11 जासूस और आतंकी गिरफ्तार
New Delhi : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब से 11 जासूसों व आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े मॉड्यूल से जुड़ा है। इन्हें सेना और अर्धसैनिक बलों के ठिकानों की जानकारी जुटाने, फोटो-वीडियो बनाने और वहां सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाने का टास्क दिया गया था।
एनसीआर में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा जासूसी कराए जाने का मामला पहली बार 14 मार्च को सामने आया था। तब गाजियाबाद के कौशांबी से छह लोगों की गिरफ्तार किया गया।
इनसे पूछताछ में हरियाणा के सोनीपत में रेलवे ट्रैक और दिल्ली कैंट में कैमरा लगाकर सेना के मूवमेंट सहित अन्य गतिविधियों की जासूसी की बात सामने आई थी। इसके बाद जासूसी कांड में 15 लोगों को पकड़ा गया।

इन्हीं से पूछताछ के बाद अब इस मॉड्यूल का राजफाश हुआ है। इस मॉड्यूल के तीन प्रमुख पहलू सामने आए हैं। पहला, संवेदनशील इलाकों में सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरों के जरिये जासूसी। दूसरा, सीमा पार से हथियारों की तस्करी।
तीसरा कई जगहों पर ग्रेनेड हमले की साजिश रचना। आरोपितों की निशानदेही पर देश में अलग-अलग स्थानों पर लगाए नौ सोलर पावर सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए हैं।
इन्हें आरोपितों ने उत्तर भारत के प्रमुख शहरों में संवेदनशील सैन्य और सुरक्षा ठिकानों के पास लगाया था। इनमें एक कैमरा पंजाब के पठानकोट-जालंधर मार्ग पर मीरथल के पास भी लगा था। इसकी पुष्टि पठानकोट के एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने की है।




