
धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सुख-समृद्धि का संचार होता है: बैद्यनाथ राम
Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार:पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सुख और समृद्धि आती है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सद्भावना और सौहार्द की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में सभी की आस्था बनी रहे और लोग उसके आदर्शों का पालन करें, यही उनकी मंगलकामना है।
पूर्व मंत्री 21 जनवरी को शहर के लघु सिंचाई विभाग परिसर स्थित सोमेश्वर शिव मंदिर में राधा-कृष्ण की प्रतिमा के दो दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर भंडारा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में बैजनाथ प्रसाद शौंडिक उर्फ गुड्डू सपत्नीक उपस्थित थे। वैदिक मंत्रोच्चारण यज्ञाचार्य संतोष मिश्र द्वारा संपन्न कराया गया। श्री मिश्र ने बताया कि इस मंदिर में पिछले 12 वर्षों से नियमित रूप से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए सभी को आगे आना होगा।इससे पूर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष सह वरीय अधिवक्ता संजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के पश्चात पूर्व मंत्री ने मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

विशाल भण्डारे का किया गया आयोजन
भंडारे में लातेहार सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की। अध्यक्ष श्री कुमार ने आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग करने के लिए नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।मौके पर बसंत भगत, जय कुमार सिंह, गजेंद्र प्रसाद शौंडिक, अनिल कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार शौंडिक, अरविंद शौंडिक, शिवपूजन प्रसाद, अमित कुमार, मनीष कुमार, राजन तिवारी, रंजन प्रसाद शौंडिक, धनंजय कुमार, सदस्य महेश सिंह, आशीष कुमार गुप्ता, जीतेंद्र कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





