नम्रता त्रिपाठी को मिला सभी का समर्थन और आशीर्वाद
शिक्षित, ईमानदार और मजबूत नेतृत्व की जरूरत : नम्रता
Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम से महापौर पद की युवा प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी की औपचारिक उम्मीदवारी की घोषणा गुरुवार को की गई। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और नम्रता के पिता केएन त्रिपाठी ने विभिन्न गणमान्य नागरिकों और समाज के विभिन्न तबके की सहमति के बाद नम्रता त्रिपाठी के उम्मीदवारी की घोषणा की। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी की पलामू जिलाध्यक्ष बिमला कुमारी ने पार्टी में विमर्श के बाद नम्रता त्रिपाठी को समर्थन देने की घोषणा की। औपचारिक घोषणा और समर्थन के बाद नम्रता ने कहा कि मेदिनीनगर की जनता को बड़ा सपना देखने का पूरा अधिकार है। परंतु सपने को पूरा करने की दिशा में अबतक प्रयास अधूरा है। वह सपने को पूरा करने के लिए वह सबकुछ करेगी जिसकी जरूरत है। पिछले कई दिनों से निगम क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क में जुटी नम्रता त्रिपाठी के समर्थन में गुरुवार को मेदिनीनगर के रमाडा होटल में शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।

बैठक में सभी ने नम्रता का किया समर्थन
बैठक में कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में नम्रता के समर्थन का ऐलान किया। बैठक में पलामू जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी ने नम्रता को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि नम्रता त्रिपाठी अब तक की सबसे योग्य और शिक्षित महिला प्रत्याशी हैं। उन्होंने कानून में पीएचडी की है। वे युवा हैं, विजन रखती हैं।
नम्रता त्रिपाठी योग्य व शिक्षित महिला हैं : विनोद तिवारी
पलामू जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष विनोद तिवारी ने कहा कि नम्रता त्रिपाठी योग्य व शिक्षित महिला हैं और हम सभी उनका पूरा समर्थन करते हैं। अधिवक्ता बलराम तिवारी ने कहा कि राजनीति में पढ़े लिखे लोगों का आना शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। हमसभी का नम्रता त्रिपाठी को समर्थन जारी है और यह हमेशा मिलता रहेगा।
शहर के विकास के लिए नम्रता त्रिपाठी की जरूरत
समाजसेवी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शहर के विकास के लिए नम्रता त्रिपाठी जैसे पढ़े-लिखे तथा विकास का विजन रखनेवालों की जरूरत है। कांग्रेस नेता मिथिलेश कुमार सिह ने कहा कि मेदिनीनगरवासियों को शहर के विकास की आस है और सभी नम्रता त्रिपाठी की जीत के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। व्यावसायिक संघ के गणेश गिरी ने कहा कि मैदान में अब तक आए प्रत्याशियों में नम्रता त्रिपाठी सबसे अधिक पढ़ी-लिखी और योग्य उम्मीदवार हैं तथा शहर के विकास के लिए जरूरी शिक्षित नेतृत्व को नविता पूरी करेंगी। व्यावसायिक संघ नम्रता त्रिपाठी को पूरा सहयोग देगा।
शत्रुघन कुमार ‘शत्रु’ ने नम्रता को बेहतर प्रत्याशी बताया
क्रांति मंच के प्रतिनिधि शत्रुघन कुमार ‘शत्रु’ ने कहा कि नम्रता से बेहतर प्रत्याशी वर्तमान चुनाव में कोई नहीं है, इसलिए क्रांति मंच की ओर से उन्हें पूर्ण समर्थन दिया जाएगा। पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि हाल ही में टाउन हॉल में व्यवसायियों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से यह बात सामने आई कि पलामू में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों का मानना था कि यदि कोई इस भ्रष्टाचार पर रोक लगा सकता है, तो वह नम्रता त्रिपाठी ही है।
आम लोगों से संवाद कर उतारा प्रत्याशी : त्रिपाठी
पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले 35 वार्डों में बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और आम लोगों से संवाद किया, सभी ने पार्टी से ऊपर उठकर योग्य प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही। नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि अब तक मेदिनीनगर में जो विकास नहीं हुआ है, वह करके दिखाया जाएगा। उन्होंने जनता से एक बार अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि वे विकास की सही परिभाषा को धरातल पर उतारने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि वह तीन फरवरी को नामांकन करेंगेी। उन्होंने लोगों से नामांकन में उपस्थित रहकर समर्थन की अपील की।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सत्यानंद दुबे, दीनानाथ तिवारी, परमदेव सिंह, भोला पांडे, प्रोफेसर महेंद्र राम, जीशान खान आदि उपस्थित थे।




