
नावाडीह में दो घरों में आगजनी,प्रशासन से न्याय की लगाई गुहार
लातेहार :सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावाडीह में दो घरों को आग लगाने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार संगीता देवी पति मंगलदेव उरांव और उनकी गोतनी पुनीता देवी पति महेंद्र सिंह ने उनके घर में गांव के ही चार ग्रामीणों पर आग लगाने का दावा किया है। आरोप लगते हुए संगीता देवी ने बताया कि 23 फरवरी एवं 24 फरवरी की रात्रि लगभग 2 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में सोई हुई थीं। अचानक उनकी नींद खुली तो देखा कि घर में आग लगी हुई है। शोर मचाते हुए वह परिवार के साथ बाहर निकलीं,तो देखा कि उनके घर में आग लग चुकी हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने अपने ही गांव के सुरज यादव (पिता भुनेश्वर यादव), दयाशंकर यादव (पिता राजेश्वर यादव), सकलदीप यादव (पिता मुन्सफ यादव) तथा गणेश यादव (पिता रविन्द्र यादव) को घर के बाहर से भागते हुए देखा। पीड़िता ने बताया कि उक्त चारों व्यक्तियों के साथ उनके परिवार का पूर्व से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी प्राथमिकी लातेहार थाना में दर्ज है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। संगीता देवी ने आशंका जताई है कि पुराने विवाद के कारण ही उनके घर में आग लगाई गई है। इस घटना में घर के सामान सहित लगभग तीन लाख रुपये की क्षति होने की बात कही गई है। पीड़िता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।





