पत्नी की मौत के सदमा में सब-इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या
Hadarabad : तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सब-इंस्पेक्टर ने अपनी पत्नी की मौत के सदमे में आत्महत्या कर ली।
इस दर्दनाक घटना के बाद उनके दो छोटे बच्चे महज चार दिनों के भीतर माता-पिता दोनों को खोकर अनाथ हो गए।
जानकारी के अनुसार, करीमनगर टाउन-II थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर चंद्रशेखर ने शनिवार को सीतमपेट स्थित अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उन्हें घर में फंदे से लटका हुआ पाया।

आनन-फानन में उन्हें जम्मिकुंटा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर अपनी पत्नी दिव्या की हाल ही में हुई मौत के बाद गहरे मानसिक तनाव में थे। दिव्या (32) ने बीते मंगलवार को कनेर के बीज खाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के मुताबिक, वह लंबे समय से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित थीं, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना के बाद परिवार में पहले से ही शोक का माहौल था। दिव्या के अंतिम संस्कार के दौरान भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी, जब कुछ रिश्तेदारों ने चंद्रशेखर पर हमला करने की कोशिश की थी।
चंद्रशेखर और दिव्या की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 साल से कम है। चार दिनों के भीतर दोनों माता-पिता को खो देने से बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय लोगों और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना में हाल के समय में पुलिसकर्मियों के बीच आत्महत्या के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। इससे पहले 28 फरवरी को विकराबाद में एक महिला आरक्षी दिव्या ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली थी, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया था। वहीं, जनवरी के अंतिम सप्ताह में वरंगल में तैनात महिला पुलिसकर्मी अनीता ने प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए अपनी जान दे दी थी।




